
16 साल की नाबालिग लड़की को मारी गई थी गोली
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने 18-19 मार्च की दरम्यानी रात शहर के विश्वनाथ कॉलोनी इलाके में रहने वाली संतोषी तिवारी नामक महिला के घर पर हुए गोलीकाण्ड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मंजू पटैरिया ने घटना दिनांक को 16 वर्षीय लड़की भूमि शुक्ला के पैर में गोली मार दी थी जिससे वह घायल हुई थी।एएसपी विक्रम सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से बताया कि इस गंभीर मामले में एसपी अगम जैन के द्वारा एक टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने बड़ामलहरा क्षेत्र के जंगलों से मुखबिर की सूचना के बाद आरोपी मंजू पटैरिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने संतोषी तिवारी के घर पर हुए तात्कालिक विवाद के चलते कानपुर निवासी भूमि शुक्ला को गोली मारी थी। मंजू पटैरिया एक शातिर अपराधी है जिस पर पहले से ही 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।









