
पुलिस ने जप्त किए अवैध हथियार और वाहन
छतरपुर। गत 25 मार्च को होली के मौके पर पुरानी रंजिश के चलते हुई हरिओम शुक्ला की हत्या के मामले में पुलिस ने पूर्व में 4 लोगों को आरोपी बनाया था, किंतु मामले की विवेचना के दौरान पुलिस के सामने सात अन्य लोगों के नाम आए, जो कि हत्या की साजिश में शामिल थे और इनके द्वारा हत्यारोपियों को हथियार, वाहन आदि उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से अवैध हथियार और वाहन जप्त किए हैं। शुक्रवार को एएसपी विक्रम सिंह ने पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में इस आशय की विस्तृत जानकारी दी।एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना दिनांक को 4 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान इस बात की भी पड़ताल की गई कि आरोपियों के पास हथियार कहां से आए। इस बिंदु की विवेचना में पुलिस को 7 संदेही अजय उर्फ दीपू विश्वकर्मा निवासी गहरवार, सुमित कुशवाहा पाठपुर रोड, आकाश शर्मा उर्फ अक्कन पठापुर रोड, अजय राजपूत देरी रोड, अजय राय ग्राम देरी, मोनू विश्वकर्मा मऊ दरवाजा और विश्वनाथ प्रताप सिंह बुंदेला ग्राम सरकर जागीर जिला टीकमगढ़ के बारे में जानकारी मिली। उक्त सातों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर उन्होंने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी अजय उर्फ दीपू विश्वकर्मा ने स्वीकार किया कि उसके द्वारा ही अवैध हथियारों का विक्रय किया गया था। इसके अलावा अन्य आरोपियों ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की। एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी अभिषेक सिंह परिहार अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि हरिओम हत्याकांड में पुलिस ने अब तक कुल 11 आरोपी बनाए हैं, जिनमें से 10 की गिरफ्तारी हो चुकी है।आरोपियों के पास मिले अवैध हथियार और वाहनएएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि अवैध हथियारों का विक्रय करने वाले अजय उर्फ दीपू विश्वकर्मा के कब्जे से एक अधबनी पिस्टल, कट्टा बनाने की फैक्ट्री का सामान एवं 26 प्रकार की मशीनें जप्त की गई हैं। इसके अलावा आरोपी मोनू विश्वकर्मा से एक स्कार्पियों वाहन क्रमांक एमएच 01 पीए 4603, आरोपी अजय राय से वैन्यू कार क्रमांक एमपी 16 सीबी 7806, आरोपी अजय राजपूत से एक मोबाईल, आरोपी सुमित कुशवाहा से पैशन-प्रो मोटरसाइकिल और आरोपी विश्वनाथ प्रताप सिंह से एक स्कूटी जप्त की गई है।








