
कुलपति प्रो शुभा तिवारी ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ,छतरपुर के गौरैया रोड स्थित नवीन परिसर की बाउंड्री वॉल का शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह दिलीप अहिरवार, राज्य वन एवं पर्यावरण मंत्री के मुख्य आतिथ्य एवं कुलगुरु प्रो शुभा तिवारी की गरिमापूर्ण अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक ललिता यादव तथा नपाध्यक्ष ज्योति चौरसिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।मीडिया प्रभारी डा एसपी जैन एवं सदस्य डा रामदास अहिरवार ने बताया कि चार सौ ग्यारह एकड़ में निर्मित किए जाने वाले विश्वविद्यालय के नवीन परिसर की बाउंड्री वॉल, मेन गेट एवं गार्ड रूम का निर्माण पीडब्ल्यूडी एवं पीआईयू के द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने 11 करोड़ 11 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए एवं विश्वविद्यालय की सुंदरता तथा वातावरण को खूबसूरत बनाने के प्रयास के तहत सभी अतिथियों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि दिलीप अहिरवार ने कहा कि वे छतरपुर के बेटे होने के नाते विश्वविद्यालय के विकास के लिए हर संभव प्रयास के लिए तत्पर हैं। छतरपुर में हर क्षेत्र विकास तेजी से देखने को मिलेगा। विश्वविद्यालय के जितने भी कर्मचारी, अधिकारी हैं, हम उनके साथ हैं। यूनिवर्सिटी का यह निर्माण शीघ्र हो, इसके लिए मुझे मुख्यमंत्री से भी कहना पड़ेगा, तो कहूंगा, पर अब विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य रुकना नहीं चाहिए। ललिता यादव ने अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आज छतरपुर के चारों ओर विकास कार्य तीव्र गति से चल रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय को शासन की ओर से हर संभव मदद एवं सहयोग का वचन दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित ज्योति चौरसिया ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष होने के नाते वे यूनिवर्सिटी के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगी। विश्वविद्यालय की कुलगुरू प्रो. शुभा तिवारी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि मैं पिछली जून को यहां आई थी, तभी से मैं लगातार, प्रतिदिन विश्वविद्यालय और विद्यार्थियों की प्रगति के लिए ईमानदारी से पूरे प्रयास कर रहीं हूं। इस यूनिवर्सिटी को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे, देश विदेश में इसका नाम होगा, रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। अंतिम पंक्ति के विद्यार्थियों के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डा आरडी अहिरवार ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ के अलावा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।








