
रात से लापता था मृतक, सुबह मिली लाश
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरैया के समीप रेल्वे ट्रैक के बगल में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव की शिनाख्त होने के बाद जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया।सिविल लाइन थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि सुबह के वक्त जीआरपी पुलिस से उन्हें सूचना मिली थी कि गौरैया गांव के समीप रेल्वे ट्रैक के बगल में युवक की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास किए गए। बताया गया है कि मृतक का नाम अर्पित सक्सेना है, जो कि शहर के सटई रोड का रहने वाला है। मृतक कल रात को घर से निकला था और सुबह उसका शव मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है, साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।









