
छतरपुर। एक युवक शराब के नशे में धुत्त होकर बाईक चला रहा था, जिसके चलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाईक सहित एक पुलिया में जा गिरा। दुर्घटना में शराबी चालक के साथ उसकी बाईक पर सवार एक अन्य युवक भी घायल हुआ है। गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम भैरा निवासी पवन पुत्र नत्थू आदिवासी उम्र 30 वर्ष और नौने पुत्र दादू आदिवासी उम्र 32 वर्ष बाईक क्रमांक एमपी 36 जेडसी 2339 से पन्ना गए हुए थे। यहां से वापिस लौटते वक्त पहले दोनों ने शराब का सेवन किया और घर वापिस लौटने लगे। रात करीब 8 बजे जब वे चुरारन के पास थे तभी नशे के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाईक सहित करीब 20 फिट गहरी पुलिया में जा गिरे। राहगीरों ने घटना की जानकारी डायल-100 को दी, जिसके बाद पुलिस दोनों को बमीठा अस्पताल ले गई। बमीठा में प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद एक घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।








