
डिलेवरी करने से पहले पुलिस के हाथ लगा गांजा तस्कर
छतरपुर। सिविल लाइन पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ा बांध के पास एक आरोपी के कब्जे से एक किलो 600 ग्राम गांजा जब्त किया है। आरोपी इस गांजा की डिलेवरी करने की फिराक में था तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। जब्त किए गए गांजा की कीमत करीब 16 हजार रूपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश साहू को मुखबिर ने सूचना दी कि मोटर साईकिल में दो आरोपी गांजे की डिलेवरी करने जा रहे हैं। मुखबिर की सटीक सूचना पर टीआई ने अपने साथियों के साथ बूढ़ा बांध से कच्चे रास्ते से मोटर साईकिल से जाने के दौरान रोककर पूछताछ करने की कोशिश की तभी अपाचे मोटर साईकिल से युवक भागने का प्रयास करने लगे लेकिन घेराबंदी कर आरोपी हरिशंकर पुत्र देवीदीन निवासी अगरा थाना सटई को पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। वहीं एक आरोपी मौका पाकर भाग गया। इस कार्यवाही में टीआई के अलावा एसआई शैलेन्द्र चौरसिया, प्रधान आरक्षक हरचरण राजपूत, आरक्षक नित्यप्रकाश पटेल, करन सिंह यादव, भूपत सिंह, मनीष साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








