
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन पर हुई एक सड़क दुर्घटना में बाईक सवार तीन युवक घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। ग्राम अलीपुरा निवासी रवीन्द्र पाल उम्र 19 वर्ष ने बताया कि अपने साथी करन पुत्र बलराम पाल उम्र 16 वर्ष निवासी अलीपुरा और अमन उम्र 19 वर्ष निवासी चमरुआ के साथ एक आयोजन में शामिल होने के लिए बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा गया था। समारोह में शामिल होने के उपरांत जब तीनों वापिस अपने घर अलीपुरा जा रहे थे तभी फोरलेन पर ग्राम बसारी के आगे गलत साईड पर जा रही एक तेज रफ्तार ऑटो से उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाईक पर सवार तीनों युवक घायल हुए थे, जिनमें से अमन की हालत गंभीर है। घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों घायल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां अमन को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है।







