
गौरिहार। मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे प्रकाश बम्होरी थाना अंतर्गत ग्राम बदौरा कलॉं में ग्रामीण मनीराम मौर्य के खेत में बने कुंए में एक अज्ञात शव बंद बोरे में तैरता ग्रामीणों को दिखा जिसकी सूचना तत्काल थाना प्रकाश बम्होरी को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रकाश बम्होरी पुलिस और एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सुबह एफएसएल की टीम की निगरानी में शव की शिनाख्त ग्राम बदौरा कलॉं निवासी मीनू प्रजापति उम्र लगभग 15 वर्ष पुत्री शिवनाथ प्रजापति के रूप में शिनाख्त हुई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के पिता ने 26 फरवरी को अपनी बेटी की गुमशुदगी को लेकर पूर्व में थाना प्रकाश बम्होरी में आवेदन दिया था। जिसके आधार पर थाना प्रभारी सत्येंद्र यादव ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। ग्रामीणों को कुंए में बोरी में बंद शव की जानकारी लगी तो पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के शक के आधार पर जांच शुरू कर दी है।







