Home छतरपुर आम जनता की समस्याएं सुनकर पुलिस ने लिए सुझाव

आम जनता की समस्याएं सुनकर पुलिस ने लिए सुझाव

12
0
Jeevan Ayurveda

जिला मुख्यालय सहित संपूर्ण जिले में आयोजित हुए जन संवाद कार्यक्रम
छतरपुर। मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर रविवार को पुलिस अधीक्षक अमित सांघी द्वारा जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कराया गया। जिला मुख्यालय पर ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जनसामान्य से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण और मीडियाकर्मियों को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में आमंत्रित लोगों से उनके निवास क्षेत्र में सुरक्षा का वातावरण होने की जानकारी लेकर अन्य समस्याएं व सुझाव लिए गए। साथ ही पुलिस कार्य प्रणाली एवं सामुदायिक पुलिसिंग से अवगत कराया गया। पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों की समस्याएं सुनकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली एवं सामुदायिक पुलिसिंग हेतु सुझाव भी लिए। वहीं समस्याओं के निदान, पुलिस का सकारात्मक व्यवहार, थाना प्रभारी एवं बीट प्रभारी से सक्रिय संचार माध्यम हेतु सभी थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया।
व्यवस्थित यातायात के लिए व्यापारियों से हुई चर्चा
जनसंवाद में यातायात व्यवस्था सुचारू एवं सक्रिय रखने हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित गणमान्य नागरिकों से एवं नगर एवं बाजार परिसर के दुकान संचालकों से ग्राहकों के वाहन दुकान के सामने ना पार्क करवाने की बजाय व्यवस्थित जगह पर वाहन पार्किंग, एवं निर्धारित स्थान पर ही दुकान संचालित हेतु अपील की गई। साथ ही समस्त थाना प्रभारी एवं यातायात प्रभारी को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के विरुद्ध अवैध रूप से चलित मॉडिफाइड वाहन, एवं ध्वनि की विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त एक्शन कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान आम जनता को रिपोर्ट हेतु आधुनिक सुविधा ई-एफआईआर की जानकारी दी गई और साइबर ठगी से बचाव हेतु साइबर जागरूकता टिप्स दिए गए। एसपी श्री सांघी ने समस्त थाना प्रभारी को रिपोर्ट पर आए फरियादी से सकारात्मक व्यवहार एवं सकारात्मक फीडबैक संबंधी निर्देश के साथ ही धार्मिक स्थलों स्कूल कॉलेज शैक्षणिक संस्थाओं में प्रभावी रोड पेट्रोलिंग करते हुए अराजक तत्वों, नशाखोरों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही हेतु भी निर्देशित किया गया।
पुलिस जन संवाद कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
पुलिस जन संवाद कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ललिता यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुजूर, थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक कमलेश साहू, थाना प्रभारी ओरछा रोड उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह यादव उपस्थित रहे। जिला मुख्यालय के अलावा संपूर्ण जिले के थाना क्षेत्रों में आयोजित पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, बीट प्रभारी, संबंधित पुलिस अधिकारी और आमजनमास ने सहभागिता की।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here