
हरपालपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का कराया जा रहा सर्वे
छतरपुर। गत रोज जिले के नौगांव तहसील अंतर्गत हरपालपुर क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराए जाने के निर्देश जिला मुख्यालय के अधिकारियों द्वारा पटवारियों को को दिए गए हैं। बताया गया है कि ओलावृष्टि में जिन किसानों को 25 फीसदी से अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें निर्धारित मापदंडों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी।भू-अभिलेख अधीक्षक आदित्य सोनकिया ने बताया कि हरपालपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि के कारण गेंहू, सरसों, मटर आदि की फसलों को नुकसान हुआ है। स्थानीय पटवारियों को सर्वे के निर्देश दिए गए हैं, जो वास्तविक क्षति की आंकलन कर रहे हैं। जिन किसानों को ओलावृष्टि में 25 फीसदी से अधिक का नुकसान हुआ है उन्हें शीघ्र राहत राशि प्रदान की जाएगी।उल्लेखनीय है कि बुधवार की शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ करीब 15 मिनिट तक ओलावृष्टि हुई, जिसके चलते खेतो में खड़ी रबी की फसलें बर्बाद हो गई। हरपालपुर क्षेत्र के ग्राम गलान, लहदरा, मड़ोरी, नाऊपहारिया, रानीपुरा, कैमाहा, कराठा, सरसेड़ आदि गांवों में ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान सरसों और मटर की फसल को बताया गया है।









