
14 फरवरी को राज्यपाल जी की अध्यक्षता में होगा गरिमापूर्ण दीक्षांत समारोह
छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा हेतु सभी समितियों के संयोजकों की एक महत्वपूर्ण बैठक कुलपति प्रो शुभा तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रति कुलपति डा डीपी शुक्ला, रजिस्ट्रार यशवंत सिंह पटेल सहित सभी समितियों के संयोजक उपस्थित रहे।मीडिया संयोजक डा.एसपी जैन एवं सदस्य एनके पटेल ने बताया कि दीक्षांत समारोह प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई जी पटेल की गरिमामयी अध्यक्षता में होगा। सारस्वत अतिथि के रूप में डा.मृत्यंजय महापात्रा, महानिदेशक, मौसम विभाग, भारत सरकार उपस्थित रहेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार मुख्य अतिथि तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री दिलीप अहिरवार को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। बैठक में दीक्षांत समारोह की पृष्ठभूमि और आयोजना पर प्रकाश डालते हुए कुलपति प्रो शुभा तिवारी ने इस समारोह की तैयारियों पर सभी समितियों के संयोजकों से चर्चा की। सभी संयोजकों ने अपनी समिति के द्वारा किए गए कार्यों का विवरण विस्तार से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो शुभा तिवारी ने सभी संयोजकों से उनके द्वारा अभी तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर अपना कार्य तेज गति से करने की बात कही। तृतीय दीक्षांत समारोह को यादगार बनाने हेतु तैयारियों की सतत समीक्षा करते हुए करते हुए शेष बचे कार्यों को सर्वोत्तम ढंग से किया जा रहा है।









