
सनातन कांग्रेस अभियान का किया शुभारंभ
छतरपुर। जिले के युवा कांग्रेस नेता एवं युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुणोदय सिंह परमार ने अपनी ही पार्टी पर सवाल उठाते हुए सनातन कांग्रेस अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अरुणोदय सिंह परमार ने कहा कि कांग्रेस के सर्वोच्च नेता महात्मा गांधी स्वयं को सनातनी हिन्दू कहते थे लेकिन वर्तमान में कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सनातन विरोधी हो गया है, जिससे कांग्रेस के अन्य नेताओं की भावनाएं आहत हुई हैं।दरअसल पिछले दिनों कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा राम मंदिर के आमंत्रण को अस्वीकार किया गया था जिसके बाद देश भर के सनातन समर्थक कांग्रेसियों में नाराजगी है। इसी नाराजगी के चलते अरुणोदय सिंह परमार ने छतरपुर में सनातन कांग्रेस अभियान का शुभारंभ किया है। अरुणोदय ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हम कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से पूछना चाहते हैं कि क्या कांग्रेस को सनातन संस्कृति के प्रतीक राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को ठुकराना चाहिए था? अरुणोदय ने आगे कहा कि आज की कांग्रेस वंशवाद और वामपंथी विचारधारा की शिकार हो चुकी हैं, आज की कांग्रेस के पास न तो कोई नीति हैं और न ही नियत। कांग्रेस चंद वोटों के लिए सनातन का अपमान करने से लेकर भारत को तोडऩे की साजिश से भी पीछे नहीं हट रही। परमार ने बताया कि सनातन कांग्रेस अभियान कांग्रेस के लाखों आम कार्यकत्र्ताओं का अभियान है, जो अब अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को इस प्रकार से देश, धर्म और सिद्धांतो का मज़ाक उड़ाते नहीं देख सकते। इस मौके पर मिंटू सिंह, अमित अरजरिया सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









