
जिला मुख्यालय पर मोटे के माहवीर मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समरोह का लाइव प्रसारण किया गया। यहां विधायक ललिता यादव, कलेक्टर संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नपाध्यक्ष ज्योति-सुरेन्द्र चौरसिया सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मंदिर में पसिर में प्राण-प्रतिष्ठा के पूर्व रामभक्तों ने सुंदरकांड का पाठ किया। कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल रहे, जिन्होंने प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत एक-दूसरे को बधाई-शुभकामनाएं दीं। वहीं दूसरी ओर शहर के ग्वाल मंगरा तालाब के तट पर स्थानीय रहवासियों द्वारा लाइव प्रसारण देखा गया। जैसे ही रामलला के बाल विग्रह की स्थापना हुई वैसे ही उपस्थित जनसमूह झूम उठा। ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोगों ने जमकर नृत्य किया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों ने भगवान राम की आरती भी उतारी। इसी तरह बजरिया के हनुमान मंदिर में रामभक्तों ने विशाल भंडारे का आयोजन किया। यहां भी प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया, स्थानीय लोगों ने हाथ जोड़कर पूरे समारोह को देखा और इसके बाद जयश्रीराम का उद्घोष किया। समारोह के उपरांत सभी ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा पठापुर रोड के राम-जानकी मंदिर, खेरे की देवी मंदिर, कोतवाली के पास स्थित बालाजी मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में भी लाइव प्रसारण और प्रसाद वितरण सहित जगह-जगह भण्डारे के कार्यक्रम हुए।








