छतरपुर। जिले के लवकुश नगर थाना अंतर्गत आने वाले कर्री गांव में एक अजीबोगरीब और विवादित मामला सामने आया है, जहां गाय चराने की मामूली बात को लेकर पड़ोसी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पीडि़त ग्रामीण भईया लाल पटेल पुत्र ग्यादीन पटेल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीडि़त ने आरोप लगाया कि जब उसकी बकरी पड़ोसी के बाड़े के बाहर घास चर रही थी, तब देवकी नंदन पटेल वहां आया और गुस्से में आकर गाय को दौड़ाकर उसकी बकरी को लाठी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसका पैर टूट गया।
घटना के संबंध में जब पीडि़त ने आपत्ति जताई तो आरोपी ने गालियां देते हुए धमकी दी। पीडि़त का कहना है कि जब वह इस मामले की शिकायत करने लवकुश नगर थाने पहुंचा तो वहां पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की और टालमटोल करती रही। थाने से न्याय न मिलने पर मजबूरन उसे एसपी कार्यालय की शरण लेनी पड़ी। पीडि़त ने एसपी से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।










