छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिन्दूखी के हरिजन मोहल्ले में दशहरा समारोह और संत रविदास जी के भजन कार्यक्रम के दौरान असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। विवाद का विरोध करने पर आरोपियों ने एक ही परिवार के वरिष्ठ नागरिकों सहित युवाओं के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पीडि़तों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
भजन संध्या में नशे में पहुंचे आरोपी, पंच को दी गालियां
मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार, 20 तारीख की है। गाँव के हरिजन मोहल्ले में ग्रामीण एकत्र होकर संत रविदास जी के भजन गा रहे थे और साथ ही दशहरा समारोह का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान गाँव का ही राजू अहिरवार अत्यधिक शराब के नशे में वहां पहुँचा और मौजूद पंच को अकारण गालियाँ देने लगा। जब वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे ऐसा करने से रोका और समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया, तो वह देख लेने की धमकी देते हुए चला गया।
अन्य साथियों के साथ लौटकर बोला हमला, वृद्धों को भी नहीं बख्शा
कुछ ही देर बाद आरोपी राजू अहिरवार अपने अन्य सहयोगियों—भूरा, कलिया, किशोरी, देवेंद्र, अरविंद, हंसु अहिरवार, चन्नू अहिरवार और बादल अहिरवार के साथ वापस आया। सभी आरोपियों के हाथों में लाठी और डंडे थे। उन्होंने आते ही वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय छिद्दी अहिरवार पिता गुलैया अहिरवार, 60 वर्षीय केशर अहिरवार पिता लल्लू अहिरवार और 25 वर्षीय हरगोविंद अहिरवार पिता केशर अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाने में दी शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीडि़त परिजनों ने गढ़ीमलहरा थाने पहुँचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










