छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 स्थित सरानी दरवाजा में मंगलवार शाम सब्जी रखने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर हरिदास प्रजापति और एक महिला विमलेश प्रजापति के साथ लाठी-डंडों और कथित तौर पर कट्टे की बट से मारपीट की। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
पीडि़त पक्ष के अनुसार घटना शाम करीब 6 बजे हुई, जब घर के बाहर सब्जी रखने को लेकर पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढऩे पर बृजमोहन भारती, संस्कार भारती, आदित्य भारती और संजय भारती सहित अन्य लोगों ने मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
पीडि़त परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों में कुछ लोग पुलिस विभाग से जुड़े हैं, जिसके चलते कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना के बाद घायल पक्ष ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि और कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।










