छतरपुर। पुराने लंबित आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए छतरपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जिला स्तरीय ‘न्याय पथ अभियानÓ के तहत नौगांव पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने वर्ष 2012 के एक लूट के प्रकरण में करीब 14 वर्षों से फरार चल रहे 7 हजार के इनामी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना नौगांव क्षेत्र में वर्ष 2012 में लूट का एक प्रकरण दर्ज हुआ था। इस मामले में बृजेंद्र सिसोदिया पिता इंद्रपाल सिसोदिया, निवासी ग्राम कंचनपुरा, थाना चंदला लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 7 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान नौगांव पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। यह कार्रवाई एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नौगांव निरीक्षक संजय राय एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।









