छतरपुर। शासकीय माध्यमिक शाला हैदरावाद में पदस्थ शिक्षक भगवानदास अहिरवार पर नाबालिग छात्रों से शराब मंगवाने के आरोप लगे हैं। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें एक छात्र के हाथ में देशी शराब की बोतल दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं और बच्चों से शराब मंगवाते हैं।
जानकारी के मुताबिक, मामला 14 अगस्त का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक नाबालिग छात्र शराब की बोतल को जेब में छिपाकर ले जाता दिखाई दे रहा है। वहीं, एक अन्य वीडियो को लेकर ग्रामीणों का दावा है कि उसमें शिक्षक नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो बनाए जाने के बाद शिक्षक भगवानदास अहिरवार और वीडियो बनाने वाले युवक के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। इसके बाद शिक्षक की पत्नी द्वारा युवक को फोन पर धमकाने का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में गोली मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों ने स्कूल के आसपास संचालित शराब दुकान से नाबालिगों को शराब दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। ग्रामीणों ने शिक्षक के आचरण, वायरल वीडियो और नाबालिग छात्र से शराब मंगवाने के आरोपों की जांच की मांग की है।
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी पीके रैकवार ने कहा कि शिकायत मिलने पर प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और ऑडियो में लगाए जा रहे आरोपों की आधिकारिक जांच होना बाकी है।









