Home डेली न्यूज़ अनियंत्रित होकर पलटा ई-रिक्शा, दुकानदार की मौत

अनियंत्रित होकर पलटा ई-रिक्शा, दुकानदार की मौत

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। महोबा रोड फोरलेन पुल के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा में सवार 45 वर्षीय दुकानदार की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बलराम नामदेव पिता मगनलाल नामदेव, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम गंज, थाना बमीठा के रूप में हुई है। बलराम नामदेव धार्मिक स्थल पर अपनी एक दुकान संचालित करते थे, जिससे उनके पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। वे आज सुबह करीब 9:00 बजे गांव के ही रहने वाले भवानीदीन पाल का ई-रिक्शा किराये पर लेकर अपनी दुकान का सामान खरीदने के लिए छतरपुर शहर आ रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा छतरपुर से निकलते ही महोबा रोड स्थित फोरलेन पुल के पास पहुँचा, रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा पलटते ही बलराम नामदेव का सिर सीधे सड़क से टकराया, जिससे उन्हें सिर में गंभीर और जानलेवा चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अत्यंत गंभीर अवस्था में छतरपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुँचाया गया। जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पुलिस द्वारा शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि बलराम अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और धार्मिक स्थल पर दुकान चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे। उनके पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here