
छतरपुर। गत 5 फरवरी को अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 104 भारतीयों के साथ किए गए गलत व्यवहार के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा केन्द्र सरकार को घेरा जा रहा है। शुक्रवार को छतरपुर जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के आवाहन पर केन्द्र सरकार और अमेरिका के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने कहा कि जब पंजाब के अमृतसर हवाई अड्डे पर अमरीकी विमान से 104 भारतीयों को बाहर निकाला गया तब उनके पैरों में चैन बांधी गई थी और हाथ भी बेडिय़ों में जकड़े हुए थे। अमेरिका द्वारा भारतीय नागरिकों के साथ किए गए इस व्यवहार पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने केन्द्र सरकार द्वारा किए जाने वाले दावों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार अमेरिका से अच्छे संबंध होने का दावा करती है, जिसकी सच्चाई इस मामले से सामने आ गई है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अनीस खान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सरमन लाल मिश्रा, हरनारायण यादव, बृजकिशोर मिश्रा, नरेश पटेल, हनीफ शेख, दिलीप क्षत्रिय, दिनेश पटैरिया, मोहम्मद अली, आईटी सेल जिलाध्यक्ष दीपांशु यादव सहित दर्जनों कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।








