छतरपुर। गौरिहार थाना पुलिस ने ग्राम घटरा में मारपीट के बाद हुई अरविंद कुशवाहा की मौत के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम घटरा में माल पहाड़ी के पास आरोपियों ने अरविंद कुशवाहा का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान अरविंद की मौत होने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ाई गई थी।
पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामदीन पिता नत्थू कुशवाहा निवासी घटरा, पूरन पिता लखन लाल कुशवाहा निवासी बारीगढ़ और ओमप्रकाश पिता प्रेमलाल कुशवाहा निवासी बारीगढ़ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो डंडे, मृतक की मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन सहित कुल दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई थाना प्रभारी गौरिहार निरीक्षक आरएन पटेरिया सहित पुलिस टीम द्वारा की गई।









