नौगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम गर्रोली की नई बस्ती में 35 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गोविंददास अहिरवार उर्फ झल्लू अहिरवार, पिता कलू अहिरवार के रूप में हुई है। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं, जिससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलने पर गर्रोली चौकी प्रभारी डी.डी. शाक्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद नौगांव थाना प्रभारी संजय राय भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









