छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम देवगांव टुटका में जमीन पर अवैध कब्जा और तारबारी का विरोध करने पर दबंगों द्वारा एक ही परिवार के लोगों पर कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में पीडि़त प्रागीलाल पटेल, उनकी पत्नी सिंगार रानी और पुत्र रामअवतार गंभीर रूप से घायल हो गए। पीडि़तों के अनुसार, आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर हाथ तोड़ दिए और सिर में गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिसके बाद घायलों का इलाज जिला अस्पताल और प्राइवेट अस्पताल में कराया गया।
पीडि़तों का आरोप है कि घटना के संबंध में 16 जुलाई को बमीठा थाने में शिकायत दर्ज कराने और डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा आरोपी पक्ष द्वारा पीडि़तों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर शनिवार को पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की।









