छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम विक्रमपुर में 18 जुलाई को चोरों ने अहिरवार परिवार के एक सूने मकान को निशाना बनाकर जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य जम्मू में मजदूरी करने गए हुए थे, जिसका फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर के लोहे का गेट तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीडि़त किशोर अहिरवार तनय हरचटिया अहिरवार के मुताबिक घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने मामले की सूचना राजनगर थाना पुलिस को दी, लेकिन आरोप है कि अब तक पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
परिवार का कहना है कि चोरी के दौरान घर के अंदर एक टी-शर्ट भी मिली, जो उनके किसी भी सदस्य की नहीं है। जब उन्होंने गांव में लोगों को वह टी-शर्ट दिखाई तो कई ग्रामीणों ने उसकी पहचान भी की। पीडि़तों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण सुराग के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी जांच नहीं की है।
पीडि़त परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए जेवरात और नगदी की बरामदगी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








