छतरपुर। अजाक्स जिला कार्यकारिणी छतरपुर ने प्रांतीय निर्देशानुसार कलेक्टर के माध्यम से शासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अजाक्स भवन में हुई कथित तोडफ़ोड़ एवं अनधिकृत प्रवेश की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में संगठन ने दावा किया कि अजाक्स के वास्तविक प्रांतीय अध्यक्ष संतोष वर्मा हैं, जिनका चुनाव संगठन की साधारण सभा एवं प्रांतीय अधिवेशन में विधिवत हुआ था। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि स्वयं को प्रांतीय अध्यक्ष बताने वाले व्यक्ति को संगठन के नियमों के अनुसार यह पद धारण करने की पात्रता नहीं है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 11 एवं 12 जुलाई 2026 की रात 20 से 25 लोगों ने अजाक्स भवन में कथित रूप से अवैध प्रवेश कर सीसीटीवी कैमरे तोड़े, डीवीआर हटाया, भवन में तोडफ़ोड़ की तथा सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्रता की। इसके अलावा भवन में लगे महापुरुषों के चित्रों एवं दानदाताओं के नाम अंकित शिलालेखों को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
जिला अध्यक्ष लाल बहादुर अहिरवार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में संरक्षक गोपी चरण वर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष संजीव कुमार अहिरवार, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गीता वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, पेंशनर्स, छात्र यूनियन के पदाधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने घटना की निंदा करते हुए शासन से आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि संगठन की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। अजाक्स छतरपुर ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र दंडित करने की मांग दोहराई है।









