Home डेली न्यूज़ सीआरपीएफ जवान ने नौगांव में फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी...

सीआरपीएफ जवान ने नौगांव में फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Jeevan Ayurveda


नौगांव। नौगांव की परम कॉलोनी में रहने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही नौगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान राकेश यादव (43) पुत्र कमल यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रावतपुरा खुर्द के निवासी थे और वर्तमान में नौगांव (जिला छतरपुर) की परम कॉलोनी में परिवार सहित रह रहे थे। राकेश यादव सीआरपीएफ में जवान थे और वर्तमान में दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार राकेश यादव 12 जुलाई को अवकाश लेकर अपने घर नौगांव आए थे। 13 जुलाई को उनकी पुत्री की सगाई का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। वह आगामी 27 जुलाई को पुन: ड्यूटी के लिए रवाना होने तथा 28 जुलाई को तिहाड़ जेल में अपनी जॉइनिंग करने वाले थे। इसी बीच मंगलवार शाम करीब 8 से 10 बजे के बीच उन्होंने घर में गमछे के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के समय परिजनों को इसकी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया है कि मृतक की पत्नी श्रीमती सुमन रावतपुरा खुर्द ग्राम पंचायत की वर्तमान ग्राम प्रधान हैं। राकेश यादव अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी आकस्मिक मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ ही उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here