Home डेली न्यूज़ कलश यात्रा के साथ हुआ नौ दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ

कलश यात्रा के साथ हुआ नौ दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। सनातन धर्मावलंबियों की आस्था के केंद्र बागेश्वर धाम में भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस महोत्सव में 7 दिनों तक मानव कल्याण की कथा श्रीमद् भागवत महापुराण श्रवण करने का अवसर भी लोगों को मिलेगा। बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्री मुख से धर्मप्रेमी पावन कथा सुनेंगे।
बागेश्वर धाम के सेवादार नितेंद्र चौबे ने बताया कि बुधवार को धाम के प्राचीन माता मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई जो मुख्य मार्ग से होती हुई कथा स्थल पहुंची। कलश यात्रा में जहां महिलाएं सर पर कलश रखकर चल रही थी तो वहीं ढोल नगाड़े के साथ-साथ घोड़े ऊंट आदि भी चल रहे थे। श्री चौबे ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव की विधिवत शुरुआत हो गई है। 23 से 29 जुलाई तक बागेश्वर महाराज श्रीमद् भागवत महापुराण की रस धारा बहाएंगे। आयोजन के संबंध में तैयारी पूरी हो चुकी है महोत्सव में आने वाले लाखों भक्तों के बैठने एवं प्रसाद पाने की व्यवस्था बागेश्वर जन सेवा समिति द्वारा की जा रही है।
23 से 25 तक गुरु दीक्षा, 26 से 28 तक गुरु शिष्य मिलन
नितेंद्र चौबे ने बताया कि इस महोत्सव में पहले दिन से तीन दिन लगातार पूर्व से पंजीकृत श्रद्धालुओं को महाराज श्री की दीक्षा मिलेगी। वहीं 26 से 28 तक उन शिष्यों से महाराज श्री भेंट करेंगे जो पूर्व में दीक्षा ले चुके हैं। कुल मिलाकर तीन दिनों तक दीक्षा समारोह और तीन दिनों तक गुरु शिष्य मिलन समारोह चलेगा। 29 और 30 जुलाई को पादुका पूजन का कार्यक्रम होगा। गत वर्ष सद्गुरु भगवान सन्यासी बाबा की पादुकाएं पूजने का अवसर लोगों को मिला था।
एसडीओपी और थाना प्रभारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
बागेश्वर धाम में शुरू हुए महोत्सव की सफलता के लिए तैयारी लगभग पूरी हो गई है। यहां आने जाने वाले लोगों को किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो इसके इंतजाम किए जा रहे हैं। खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल और बमीठा थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने धाम पहुंचकर बागेश्वर जन सेवा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की एवं आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। कथा मंच, पंडाल, श्रद्धालु प्रवेश, निकास मार्ग, पार्किंग बैरिकेटिंग  से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में विधिवत चर्चा की। चूंकि यहां लाखों लोगों के आने की संभावना है इसलिए सुरक्षा भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है।
होटल, ढाबों का किया औचक निरीक्षण
नितेंद्र चौबे ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से बागेश्वर धाम में संचालित होटल, होम स्टे सहित अन्य  प्रमुख प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरों की गहन तलाशी ली और आगंतुकों के पहचान पत्रों व रजिस्टरों की जांच की। चूंकि भीड़ अधिक होगी इसलिए पहले से ही सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने होटल और ढाबा संचालकों से कहा कि वे लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान दें। उन्हें ठहरने में किसी भी तरह की परेशानी न हो। अधिकारियों ने कहा कि ठहरने वाले लोगों की पहचान से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज होटल, ढाबा संचालको एवं होम स्टे संचालकों के पास आवश्यक रूप से होना चाहिए। महत्वपूर्ण यह है कि इस सिद्ध स्थल तक आने वाले लोग बालाजी के दर्शन प्राप्त कर यहां की व्यवस्थाओं के बारे में भी अच्छे भाव रखें।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here