छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नया मोहल्ला में हुई 27 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने से आहत पीडि़त परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीडि़त ने आवेदन सौंपकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नया मोहल्ला निवासी वहीद खान 53 वर्ष पिता जहूर खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते 16 जून 2026 को वे अपने परिवार के साथ शाम करीब 4 बजे अपने ग्राम कुर्राहा गए हुए थे। जब वे 18 जून को वापस लौटे, तो उनके मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर देखा कि कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और आलमारी टूटी हुई थी। पीडि़त के अनुसार अलमारी में रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण कुल लगभग 1500 ग्राम तथा साढ़े तीन लाख की नकद राशि शामिल थी चोर समेटकर ले गए। चोरी गए कुल जेवरात व नकद राशि की अनुमानित कीमत लगभग 27 लाख रुपये बताई गई है।
पीडि़त वहीद खान का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बावजूद छतरपुर कोतवाली पुलिस द्वारा मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। पीडि़त का दावा है कि उनके पास चोरी के मामले में आरोपी का वीडियो फुटेज भी उपलब्ध है, जिसमें आरोपी साफ नजर आ रहा है। इसके बाद भी पुलिस न तो आरोपी को गिरफ्तार कर रही है और न ही चोरी का सामान बरामद करने में कोई रुचि दिखा रही है। पुलिस की इस शिथिलता से परेशान होकर पीडि़त ने वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फुटेज के आधार पर नामजद/चिन्हित आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पीडि़त परिवार का चोरी हुआ सामान व नकदी बरामद करवाकर उन्हें न्याय दिलाया जाए।









