छतरपुर। मानवाधिकार प्रशासनिक संस्थान, नई दिल्ली की छतरपुर संभागीय एवं जिला इकाई द्वारा हरित छतरपुर, स्वस्थ छतरपुर अभियान के अंतर्गत वैष्णो नगर कॉलोनी, रेलवे स्टेशन स्थित श्री बैजनाथ मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आम, अमरूद, नींबू, आंवला, कटहल, जामुन एवं अनार सहित कुल 31 फलदार पौधे लगाए गए।
संभागीय अध्यक्ष प्रकाश जैन ने बताया कि संस्थान पिछले सात वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से नियमित रूप से पौधारोपण अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की जाती है, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
मीडिया सचिव पंकज जैन ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह संदेश देना है कि स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और स्वस्थ पर्यावरण प्रत्येक नागरिक का मूल मानवाधिकार है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण मानवाधिकारों का अभिन्न हिस्सा है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में लगाए गए पौधों की देखरेख एवं संरक्षण की जिम्मेदारी श्री बैजनाथ मंदिर के पुजारी ने ली। इस अवसर पर समिति के जगदीश टिकरिया, डॉ. स्वतंत्र शर्मा, जयकुमार गुप्ता, पूरन लाल गुप्ता, मनोज खत्री, राजेंद्र अग्रवाल, प्रमोद खरे, मनीष वर्मा, एडवोकेट महेंद्र गौतम, अवध किशोर पटेल, राजीव जैन सहित संस्थान के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।









