छतरपुर। बुधवार की दोपहर जिले के प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र के बदौराकला से आए ग्रामीणों ने स्थानीय युवा नेताओं के साथ मिलकर शहर के मुख्य हाईवे पर चौबे तिराहे के समीप पुलिस का विरोध करते हुए जाम लगा दिया। ग्रामीण प्रकाश बम्हौरी थाना प्रभारी सुमित सुमन पर गंभीर आरोप लगाकर उन्हें हटाने की मांगं कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि थाना प्रभारी ने पिछले रोज लेनदेन कर थाने में हरिजन एक्ट के तहत एक झूठी रिपोर्ट दर्ज कर दी। लगभग एक घंटे तक चले इस तमाशे के बाद पुलिस की समझाईश के बाद यह जाम खत्म हुआ। इस प्रदर्शन के कारण हाईवे पर सैकड़ों लोग काफी देर तक परेशान होते रहे।
पीडि़त शिवकुमारी यादव एवं उनके बेटे दिलीप यादव ने बताया कि बीती रात प्रकाश बम्हौरी थाने में सुरेश पाण्डा और अशोक अहिरवार के कहने पर थाना प्रभारी सुमित सुमन के द्वारा हिमांशु यादव के खिलाफ हरिजन एक्ट के अंतर्गत झूठा मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हिमांशु की मां शिवकुमारी यादव ने कहा कि जब वह अपने बेटे की फरियाद लेकर थाने पहुंची तो थाना प्रभारी ने उसके साथ भी मारपीट की। जब थाने में सुनवाई नहीं हुई तो पीडि़त परिवार छतरपुर आ गया। यहां भाजपा के युवा नेता विक्की यादव के नेतृत्व में इन लोगों ने सड़क पर मानव श्रृंखला बनाते हुए जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीएसपी अरूण सोनी, यातायात थाना प्रभारी बृहस्पति साकेत ने ग्रामीणों को समझाईश दी और उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया तब जाकर यह जाम खत्म हो सका। इस तमाशे के कारण काफी देर तक आम जनता हाईवे पर लगे इस जाम में फंसी रही।









