छतरपुर। तीन दिन पहले महाराजपुर में एक व्यक्ति और उसके परिजनों के साथ की गई मारपीट के मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न किए जाने से नाराज परिवार ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
महाराजपुर के नजरबाग मोहल्ला निवासी नरेन्द्र चौरसिया ने बताया कि गत 9 जून को रात करीब 11 बजे वह अपनी दुकान पर था तभी भटीपुरा मोहल्ले के रहने वाले अरुण कुशवाहा, राहुल कुशवाहा, भूरा कुशवाहा और सोनू कुशवाहा आए और पानी के पाउच खरीदे। पानी लेने के बाद उक्त लोग दुकान के बाहर बैठक शराब पीने लगे, जिस पर नरेन्द्र ने उन्हें रोका और इसी बात से नाराज होकर उक्त आरोपियों ने गाली-गलौज तथा मारपीट शुरु कर दी। नरेन्द्र के मुताबिक उसके परिजन बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिसके सीसीटीवी वीडियो भी उसके पास मौजूद हैं। नरेन्द्र का कहना है कि वह घटना दिनांक की रात को ही महाराजपुर थाना में शिकायत करने गया था, जहां पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध एनसीआर कर दी। इसके अगले दिन आरोपियों की रिपोर्ट पर पुलिस ने नरेन्द्र के भाई पर मामला दर्ज कर दिया। नरेन्द्र ने आवेदन देकर मामले की जांच कराए जाने और आरोपियों पर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।









