
छतरपुर। सांदीपनि मॉडल स्कूल, छतरपुर में 12 दिवसीय समर कैंप का समापन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। समर कैंप के नोडल और स्कूल के खेल शिक्षक जितेंद्र सिंह ने कैंप की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैंप में खेल, नृत्य और इंग्लिश स्पीकिंग की तीन प्रमुख गतिविधियां आयोजित की गईं।
खेल गतिविधियों में खो-खो, फुटबॉल, बैडमिंटन, कैरम और शतरंज शामिल थे, जिनका प्रशिक्षण जितेंद्र सिंह ने दिया। नृत्य प्रशिक्षण स्कूल की नृत्य शिक्षिका निशी रावत ने प्रदान किया, जिसमें लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और विभिन्न राज्यों के नृत्य सिखाए गए। इंग्लिश स्पीकिंग का प्रशिक्षण शिक्षक सलीम खान ने दिया। ये गतिविधियां प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक चलीं, जिनमें 35 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में छात्राओं अनन्या सेन और प्रशंसा साहू ने मंच पर अपने अनुभव साझा किए और सीखी गई गतिविधियों का प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने बच्चों की प्रगति की सराहना करते हुए शासन की इस पहल और प्रशिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। प्राथमिक विद्यालय की प्रधान अध्यापिका संगीता जैन ने छात्रों को संबोधित करते हुए समर कैंप के महत्व पर प्रकाश डाला और मेहनत से समाज में विशिष्ट स्थान बनाने के लिए प्रेरित किया। उप प्राचार्य राजकुमार शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में विशेष प्रतिभा होती है, जिसे शिक्षकों को निखारना चाहिए। उन्होंने सांदीपनि स्कूल की खासियत बताते हुए कहा कि यहां पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास किया जाता है। उन्होंने अभिभावकों का नियमित सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर शिक्षक महेंद्र शुक्ला, जी.एस. गुप्ता, सुरेंद्र उपाध्याय, संदीप समारी, प्रियंक राठौर, प्रवीण पाठक, कृष्णकांत साहू, स्कूल के सभी सुरक्षा गार्ड और अभिभावक मौजूद रहे।







