
छतरपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर छतरपुर जिले के पुलिस लाइन परिसर में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन समर कैंप का शुभारंभ हुआ। इस शिविर में खेलकूद, शिक्षा, संगीत, सांस्कृतिक नृत्य, और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभाओं को निखारा जा रहा है।
समर कैंप में 200 से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया है। प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों द्वारा मलखंब, वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, तैराकी, शूटिंग, लॉन टेनिस जैसे खेलों के साथ-साथ रंगोली, पेंटिंग, मेहंदी, सिलाई, कढ़ाई, वाद्य यंत्र और सांस्कृतिक नृत्य का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट, जूडो और कराटे की ट्रेनिंग भी शामिल है। शिविर में ब्रेन एक्सरसाइज, ब्रीदिंग, आई एक्सरसाइज, प्रेरणादायक वीडियो, म्यूजिक, डांस, रिलैक्सेशन एक्टिविटी और विशेष रूप से ब्लाइंड फोल्ड एक्टिविटी का आयोजन किया जा रहा है। इस एक्टिविटी में बच्चे आंखों पर पट्टी बांधकर बॉल के रंग और कार्ड के नंबर व रंग की पहचान कर अपनी एकाग्रता और मानसिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। शिविर का उद्देश्य 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता, नगर पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, थाना कोतवाली प्रभारी अरविंद दांगी, थाना सिविल लाइन प्रभारी वाल्मीकि चौबे, महिला थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ, थाना ओरछा रोड प्रभारी दीपक यादव, अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिस परिवारजन उपस्थित रहे।
उत्साहित प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
शुभारंभ समारोह में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रतिभागी बच्चों ने उत्साहपूर्वक संगीत, सांस्कृतिक नृत्य और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा, शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहें, अपनी प्रतिभाओं पर ध्यान दें और भविष्य को उज्जवल बनाएं। शिविर में प्रशिक्षण पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा ही दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने इनडोर और आउटडोर खेल मैदानों में बच्चों से मुलाकात कर उनके अभ्यास और प्रदर्शन को देखा। बच्चों के आवागमन के लिए आवासीय परिसर से पुलिस लाइन तक वाहन की व्यवस्था भी की गई है।







