
छतरपुर। डीसेंट इंग्लिश स्कूल द्वारा मंगलवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं को छतरपुर के विभिन्न स्थानों पर सकोरे टांगकर उनमें पानी भरा, ताकि गर्मी में प्यासे पक्षियों को राहत मिल सके।कार्यक्रम के दौरान सिविल लाइन थाना परिसर में एडिशनल एसपी विदिता डागर भी शामिल हुईं। उन्होंने छात्रों से संवाद कर पर्यावरण संबंधी प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने वालों को पुरस्कृत किया। साथ ही पुलिस के कार्यों की जानकारी देकर छात्रों को जागरूक किया। थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने विद्यालय के छात्रों का स्वागत करते हुए स्टाफ के सहयोग से थाना परिसर का भ्रमण करवाया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक अशोक दुबे, प्रबंधिका मयूरी दुबे एवं प्राचार्य राजीव जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया और पृथ्वी की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर डीसेंट इंग्लिश स्कूल की ओर से एडिशनल एसपी विदिता डागर एवं थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। अंत में प्राचार्य राजीव जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।









