
छतरपुर। छतरपुर पुलिस ने तकनीकी सहायता से 88 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए हैं। इन मोबाइल की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल फोन गुम होने से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि गुम हुए मोबाइल खोजने के लिए थानों के पुलिसकर्मियों को तकनीकी पोर्टल संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया था। पुलिस ने सैमसंग, वन प्लस, रेडमी, रियलमी, ओप्पो, वीवो, आई टेल समेत विभिन्न कंपनियों के मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए। ये मोबाइल छात्र-छात्राओं, मजदूरों, रिक्शा चालकों, एनजीओ कर्मचारियों, किसानों और गृहणियों के थे। पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे गए। शेष मोबाइल फोन संबंधित थानों में वितरित किए गए। मोबाइल मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक किशोर पटेल, प्रधान आरक्षक किशोर कुमार, आरक्षक धर्मराज, विजय सिंह, राजीव सिंह, मयंक यादव, अभय एवं जिले के सभी प्रशिक्षित पुलिसकर्मी शामिल रहे।








