
हरपालपुर। नगर में शुक्रवार की दोपहर करीबन 12 बजे के लगभग हरपालपुर से सटे सरसेड़ मौजा के बाईपास के समीप एक खेत में बिजली की स्पार्किंग के कारण आग लग गई जिसमें गेंहू की फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों व स्थानीय प्रशासन ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया है।किसान प्रेमनारायण यादव, भागवत नारायण यादव, ओम नारायण यादव, पुष्पा देवी निवासी ग्राम नाऊपारिया ने बताया कि खेत में गेंहू की फसल कटने के लिये खड़ी थी। बिजली के तार लटकने के कारण आपस में टकराने से स्पार्किंग हुई और खेत में खड़ी गेहूं की सूखी फसल आग की चपेट में आ गई। किसानों की लगभग डेढ़ बीघा फसल जलकर खाक हो गई है। वहीं समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे काफी हद तक फसल को सुरक्षित बचा लिया गया। किसानों ने बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए उनसे बिजली के तार ठीक करवाने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई घटना न हो सके। वहीं फसल के हुए नुकसान को लेकर सरकार से मुआवजे की मांग की है। मौके पर पहुंचे पटवारी प्रदीप पाठक ने बताया कि किसानों की फसल का लगभग 1 बीघा से ज्यादा का नुकसान हुआ है पंचनामा बनाकर शासन को भेजा जाएगा ताकि पीडि़त किसानों को मुआवजा मिल सके।







