
छतरपुर। त्यौहारों के मद्देनजर बीती शाम डीआईजी ललित शाक्यवार ने शहर में पैदल भ्रमण कर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को जांचा। श्री शाक्यवार छत्रसाल चौराहे से नया मोहल्ला, संकट मोचन मंदिर, चौक बाजार राम दरबार, बस स्टैंड राम दरबार, पुराना पन्ना नाका राम दरबार पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने बताया कि थाना मोबाइल, अतिरिक्त मोबाइल पार्टी, निर्भया मोबाइल तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम नियमित रूप से काम कर रहे हैं। साथ ही समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्र के मार्गों, बाजारों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पैदल भ्रमण करते हुए नगरवासियों से संवाद किया जा रहा है। इस मौके पर उनके साथ सीएसपी अमन मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक बाल्मिक चौबे सहित पुलिस बल मौजूद रहा।







