
मरीज के लिए भगवान बने अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ रवि सोनी
छतरपुर। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास अब कारगर नजर आने लगे हैं। गंभीर मरीजों को रेफर करने की बजाय अब उन्हें जिला मुख्यालय पर ही समुचित इलाज मिल रहा है, जो कि लोगों के लिए सकारात्मक खबर है। जिला अस्पताल के चिकित्सक और यहां की सुविधाएं इतनी आधुनिक हो गई हैं कैंसर जैसे रोगों का इलाज भी यहां होने लगा है। ताजा मामला कुछ ऐसा ही है, जिसमें जिला अस्पताल में पदस्थ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ रवि सोनी, कैंसर रोग से पीडि़त एक मरीज के लिए भगवान बनकर सामने आए। एक समय पर जिस मरीज ने जीने की उम्मीद छोड़ दी थी, उस मरीज का डॉ रवि सोनी ने सफल ऑपरेशन किया है, जिसके लिए डॉ सोनी चर्चाओं में है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बड़ामलहरा क्षेत्र के एक गांव का रहने वाले 34 वर्षीय कमलेश शर्मा को करीब दो वर्ष पूर्व कमर के ऊपर की हिस्से में हल्का दर्द शुरु हुआ था। शुरुआत में तो कमलेश ने इसे मामूली दर्द समझा लेकिन समय के साथ जब यह ठीक नहीं हुआ तो, उन्होंने उपचार शुरु कराया लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ। कमलेश के मुताबिक दर्द दिन-प्रतिदिन बढ़ता गया और एक समय ऐसा आ गया जब वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए। चूंकि कमलेश सामान्य परिवार से आते हैं, जिसके चलते बड़े स्तर पर वह अपना इलाज नहीं करा पा रहे थे। कुछ समय पूर्व जब उन्होंने एक बार फिर अपनी जांच कराई तब उन्हें पता चला कि उन्हें जो तकलीफ है, वह कुछ और नहीं बल्कि हड्डी का कैंसर है। इसी बीच कमलेश को जिला अस्पताल में पदस्थ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ रवि सोनी के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने डॉ सोनी से संपर्क किया। कमलेश की तकलीफ और उसकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए डॉ. रवि सोनी ने जिला अस्पताल में अपने सपोर्ट स्टाफ के साथ उसका हाई रिस्क ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। डॉ रवि सोनी द्वारा पहली बार किया गया यह ऑपरेशन सफल रहा, जो कि उनके साथ-साथ संपूर्ण अस्पताल प्रबंधन के लिए बड़ी उपलिब्ध है। मरीज कमलेश शर्मा और उनके परिजनों ने भी डॉ रवि सोनी का आभार जताया है।








