Home छतरपुर मोबाइल चार्ज पर लगाने गए बच्चे की मानसिक रोगी ने कर दी...

मोबाइल चार्ज पर लगाने गए बच्चे की मानसिक रोगी ने कर दी हत्या

Jeevan Ayurveda

छतरपुर। बुधवार की शाम को छतरपुर शहर से एक दिल-दहलाने वाला मामला सामने आया है। बताया गया है कि शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में मानसिक रोगी द्वारा 11 वर्षीय बालक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर आए थे, जहां कुछ देर तक उपचार किए जाने के बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया। वहां घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई थी, जिसके चलते महज कुछ घंटों बाद आरोपी मानसिक रोगी को हिरासत में ले लिया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना दुर्गा कॉलोनी की है, जहां के रहने वाले राकेश कुशवाहा का 11 वर्षीय पुत्र मोनू शाम करीब 7 बजे अपने पड़ोस में रहने वाले राजू कुशवाहा के घर मोबाइल चार्ज पर लगाने गया था। राजू के घर पर मानसिक रोग से ग्रसित एक व्यक्ति मौजूद था, जिसने अचानक मोनू को पकड़ लिया और घसीटकर कमरे के अंदर ले गया तथा मारपीट करने लगा। आरोपी ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था, जब लोगों ने मोनू के चीखने की आवाजें सुनी तो मौके पर पहुंचे, जहां आरोपी द्वारा मोनू का गला दबाया जा रहा था। बड़ी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा खोला गया, लेकिन तब तक आरोपी ने मोनू को मरणासन्न कर दिया था। परिजन आनन-फानन में मोनू को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां करीब 1 घंटे तक डॉ अभय सिंह और रोशन द्विवेदी द्वारा उपचार किए जाने के बाद मोनू ने दम तोड़ दिया। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
इनका कहना
कोतवाली थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा 11 वर्षीय बालक की गला दबाकर हत्या की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया लिया गया है, आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में आ चुका है। आरोपी का सही नाम, उम्र आदि पता लगाने के लिए उसके दस्तावेज ढूंढ़े जा रहे हैं। मानसिक रोग की पुष्टि के लिए उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।
अमन मिश्रा, सीएसपी, छतरपुर

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here