
हरपालपुर। नगर के समीपी ग्राम कैंथोकर निवासी होनहार छात्र राहुल सिंह तोमर को आगामी 2 फरवरी को महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (एमसीबीयू) के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मैडल से सम्मानित किया जाएगा। नगर के राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय से एमकॉम में टॉप करने वाले राहुल बचपन से ही होनहार रहे हैं। हाई स्कूल की परीक्षा में उन्होंने 87 फीसदी अंक हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने इंदौर में रहकर कॉमर्स संकाय से कक्षा 12वीं की पढ़ाई की इसमें भी अव्वल रहे। 12वीं के बाद राहुल ने झांसी की बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से बीकॉम और हरपालपुर के शासकीय राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय से एमकॉम में की पढ़ाई की, जिसमें उन्होंने 79.8 फीसदी अंक हासिल कर टॉप किया है। इसी उपलिब्ध के लिए राहुल को एमसीबीयू के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल द्वारा गोल्ड मैडल से सम्मानित किया जाएगा।







