
दवा के खर्च में किया गंभीर मरीज का इलाज
छतरपुर। जिले में कई चिकित्सक ऐसे भी हैं जो सदैव बेबस मरीजों की मदद के लिए आगे रहते हैं। इन्हीं में से एक हैं हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ ऋषि कौशल, जिन्होंने एक निर्धन परिवार के गंभीर मरीज का दवा के खर्च में सफल ऑपरेशन तथा उपचार किया है।बताया गया है कि पिछले दिनों पीडि़त व्यक्ति सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ था, जिस कारण से उसके पैर की हड्डी तथा जबड़ा फ्रैक्चर हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए ग्वालियर लेकर गए थे लेकिन वहां जाकर पता चला कि इलाज में करीब 4 लाख रुपए का खर्च आएगा। चूंकि परिवार के पास इतना पैसा नहीं था, जिस कारण से उन्हें बिना इलाज के ही वापिस लौटना पड़ा। इसी बीच किसी व्यक्ति ने परेशान परिवार को डॉ ऋषि कौशल के बारे में बताया, जिसके बाद परिजन घायल को लेकर उनके पास पहुंचे। डॉ. कौशल ने परिवार की दयनीय स्थिति को ध्यान में रखकर परिवार को भरोसा दिया कि वे मात्र दवाओं के खर्च में मरीज का इलाज करेंगे। इसके बाद उन्होंने कई दिनों तक मरीज का इलाज किया और आज मरीज चलने-फिरने की स्थिति में पहुंच गया है। परिजनों की मानें तो जिस इलाज के लिए उनसे 4 लाख रुपए मांगे गए थे, वही इलाज डॉ. कौशल ने बिना फीस लिए कर दिया है। उपचार में परिवार को मात्र 40 हजार रुपए की दवाएं खरीदनी पड़ीं। परिजनों ने डॉ. ऋषि कौशल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। वहीं डॉ ऋषि कौशल ने कहा है कि पैसे से पहले मानवता होती है, उन्हों ने किसी पर उपकार नहीं किया बल्कि एक चिकित्सक का फर्ज निभाया है।








