
छतरपुर। पिछले दिनों संसद में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के बाद से देश की राजनीति गरमाई हुई है। एक ओर जहां डॉ. अंबेडकर के समर्थक केन्द्रीय गृह मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस उनका भरपूर विरोध कर रही है। इसी क्रम में कांग्रेस आज केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरोध में सडक़ पर उतरने वाली है। सोमवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस के जिला प्रभारी सुरेश राजे ने विरोध प्रदर्शन की विस्तृत जानकारी दी।कांग्रेस के जिला प्रभारी सुरेश राजे ने बताया कि संसद में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब को बार-बार अंबेडकर, अंबेडकर कहकर पुकारा जो कि उनका अपमान है। इसके लिए या तो उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगना होगी, या फिर इस्तीफा देना होगा। जिला प्रभारी ने बताया कि जब तक अमित शाह माफी नहीं मांगते या इस्तीफा नहीं देते तब तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता संतोष तिवारी ने बताया कि आज यानि की मंगलवार को छतरपुर जिले के तमाम कांग्रेसी शांतिपूर्ण ढंग से सटई तिराहा स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालेंगे और इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल, कार्यालय प्रभारी सरमन लाल मिश्रा, महासचिव शिव सिंह यादव, रामस्वरूप तिवारी, सेवादल अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह परमार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष लोकेन्द्र वर्मा, सेवादल युथ विंग के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, आईटी सेल जिलाध्यक्ष दीपांशु रंजन यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बृजकिशोर पाण्डे, जयेन्द्र श्रीवास्तव, एड. लक्ष्मन पटेल आदि उपस्थित रहे।








