
महिला एवं बाल विकास मंत्री और अभिनेता रोहिताश गौड़ रहे खास मेहमान
खजुराहो। पर्यटन नगरी में चल रहे खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फि़ल्म महोत्सव के दसवें संस्करण की दूसरी शाम मथुरा के चरकुला लोकनृत्य के नाम रही, जबकि दूसरे दिन की खास मेहमान मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया और मशहूर धारावाहिक भाभीजी घर पर हैं के तिवारी जी यानि की आईटीए पुरस्कार प्राप्त अभिनेता रोहिताश गौड़ रहे। अतिथियों का सम्मान कार्यक्रम के संयोजक राजा बुन्देला तथा अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी ने स्मृति चिन्ह देकर किया।अपने उद्बोधन में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया ने कहा कि खजुराहो में आयोजित यह फिल्म फेस्टिवल, खजुराहो के विकास में यह आयोजन मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने विभिन्न भाषाओं और संस्कृति पर आधारित लोकनृत्यों तथा लोककलाओं को मंच दिया है, जिसके लिए आयोजन समिति सराहना की पात्र है। इसके बाद अभिनेता रोहिताश गौड़ ने भाभी जी घर पर हैं धारावाहिक के मशहूर डायलॉग लोगों को सुनाये, जिससे पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। उमाशंकर देशला के ग्रुप द्वारा मथुरा का प्रसिद्ध चरकुला लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। उक्त नृत्य राधारानी के जन्म पर उनकी नानी ने किया, जिसमें रथ के पहिए पर 108 दीपक सिर पर रखकर नृत्य करते हुए खुशियां मनाई जाती हैं। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध मयूर नृत्य की प्रस्तुति भी हुई। इसके अलावा मुंबई के कलाकारों द्वारा बैंड और स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। उल्लेखनीय है कि फेस्टिवल के तहत आयोजन स्थल पर क्राफ्ट मेला भी लगाया गया है, जो कि इन दिनों आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।








