
छतरपुर। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर बच्चों के सीखने की क्षमता को परखने के लिए आयोजित होने वाले परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण जिले के चयनित 92 विद्यालयों में कक्षा 3, 6 एवं 9 में आयोजित किया गया। डीपीसी अरूणशंकर पाण्डेय ने बताया कि नेशनल अचीवमेंट सर्वे भारत सरकार द्वारा हर तीन साल में करवाया जाता है। इस राष्ट्रीय स्तर के सर्वे में बच्चों के सीखने की क्षमता की परख की जाती है जिससे भविष्य में शैक्षणिक गुणवत्ता और स्तर में सुधार किया जा सके। जिले में कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार के मार्गदर्शन में फील्ड इन्वेस्टीगेटर एवं ऑब्जबर्स के माध्यम से परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण आयोजित किया गया। सर्वे में कक्षा 3 के 30, कक्षा 6 के 28 एवं कक्षा 9 के 40 स्कूलों के चयनित बच्चे शामिल हुए। सर्वे में बच्चों से भाषा, गणित, पर्यावरण, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। राज्य शिक्षा केन्द्र की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी आरपी प्रजापति को नोडल अधिकारी बनाया गया था सीबीएसई की ओर से नोडल अधिकारी डीपीएस पब्लिक स्कूल को बनाया गया था। दोनों के समन्वय से जिले में सुगमतापूर्वक सर्वे का आयोजन किया गया। सीबीएसई से राज्य के ऑब्जबर के रूप में रीजनल ऑफिस सीबीएसई से महबूब खान एवं राज्य शिक्षा केन्द्र से प्रभारी अधिकारी के रूप में भोलाराम सूर्यवंशी ने सर्वे का अवलोकन करते हुए विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, सहायक परियोजना समन्वयक, डाईट प्राचार्य एवं डाईट के अकादमिक सदस्यों ने भी सर्वे की मॉनिटरिंग की।









