
छतरपुर। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार जिला शिक्षा केन्द्र छतरपुर की समावेशी शिक्षा शाखा (आई.ई.डी.) द्वारा जिले की शालाओं में अध्ययनरत दिव्यांग छात्रों के माता-पिता (अभिभावकों) का जिला स्तरीय एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन शा.उ.मा.वि.क्रं.-02 के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना समन्वयक ए.एस.पाण्डेय, शा.उ.मा.वि.क्रं.-02 के प्राचार्य संजय श्रीवास्तव, डाइट प्राचार्य आर.के.वर्मा, जिला शिक्षा केन्द्र के एपीसी नीरज खरे, सुशील द्विवेदी द्वारा सरस्वती पूजन कर किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों को संबोधित करते हुए डीसी एस पांडे ने कहा कि दिव्यांग बच्चों किसी भी तरह से सामान्य बच्चों से कमजोर नहीं होते उन्हें यदि सकारात्मक माहौल मिले तो बे जीवन में श्रेष्ठताओं को प्राप्त करते हैं। प्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने सभी अभिभावको से ध्यान पूर्वक प्रशिक्षण में सहभागिता करते हुए शासन की समस्त योजनाओं को समझने का आवाहन किया।
आईईडी प्रभारी डी.बी. पटेल द्वारा प्रशिक्षण के उद्देश्य, प्रशिक्षण की आवश्यकता, समावेशी शिक्षा, दिव्यांगता के प्रकार का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया। इस कार्यक्रम में आये सभी स्त्रोत पर्सन एवं एम.आर.सी. द्वारा शासन से प्राप्त सुविधायें एवं शिक्षा से संबंधित बातें बताई गयी और दिव्यांग छात्रों की शिक्षा एवं अभिभावकों के मन में उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समाधान किया गया। उन्मुखीकरण में सी.आर.सी. के स्त्रोत पर्सन नीरज मधुकर एवं राजबहादुर पटेल, डी.डी.आर.सी के स्त्रोत पर्सन सर्वेश पटेल एवं डॉ. आकृति मिश्रा एवं समस्त एम.आर.सी. उपस्थित रहे।







