
वाहन मालिक ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
छतरपुर। विगत 17 अक्टूबर को ईशानगर थाना क्षेत्र के पिपौरा-पनौठा मार्ग पर अज्ञात ट्रैक्टर से हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले की रिपोर्ट में ईशानगर पुलिस द्वारा गलत वाहन का उल्लेख किए जाने की शिकायत मंगलवार को एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक से की है।ग्राम कालापानी निवासी जागेश्वर पटेल ने बताया कि घटना दिनांक को उसका ट्रैक्टर गांव के रामअवतार पटेल के ग्राम बूदौर स्थित खेत पर मूंगफली की थ्रेसिंग करने गया था। रात करीब साढ़े 8 बजे जब उसका ट्रैक्टर बूदौर से परा चौकी होते हुये पिपौरा वाले रास्ते से जनकपुर जा रहा था तभी रास्ते में दिनेश पटेल, पप्पू पटेल एवं कौशल साहू सभी निवासी ग्राम पनौठा रास्ते में खड़े मिले। जागेश्वर के मुताबिक उसने ट्रैक्टर रोककर उक्त लोगों से खड़े होने का कारण पूछा तो उसे बताया गया कि यहां पर एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। इसी बीच दिनेश पटेल ने उसके ट्रैक्टर का वीडियो बना लिया और इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने उसके ट्रैक्टर द्वारा घटना कारित किए जाने का जिक्र एफआईआर में कर दिया गया। जागेश्वर का कहना है कि दुर्घटना शाम 6 से 7 बजे के बीच हुई थी, जबकि उसका ट्रैक्टर रात करीब साढ़े 9 बजे घटना स्थल पर पहुंचा था। एसपी को आवेदन देकर जागेश्वर ने जांच कराने और उसके वाहन को आरोप मुक्त कराने की मांग की है।








