
मुस्लिम समाज की महिलाओं ने एसपी से मुलाकात कर रखी मांग
छतरपुर। गत 21 अगस्त को सिटी कोतवाली थाना में हुई पथराव की घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई सख्ती कार्रवाई से मुस्लिम समाज में भय व्याप्त है, जिसके चलते सोमवार को मुस्लिम समाज की एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी से मुलाकात कर मांग रखी है कि निर्दोष लोगों पर कार्रवाई न की जाए।पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची महिलाओं ने बताया कि करीब आधा घंटे तक उन्होंने एसपी से बात की और अपना पक्ष रखते हुए उनसे मांग की है कि निर्दोष लोगों पर कार्रवाई न की जाए। पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं की बात सुनने के बाद उन्हें भरोसा दिया है कि जो लोग निर्दोष हैं उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। यदि गलती से किसी का नाम प्रकरण में शामिल हो गया है तो जांच के बाद उन्हें छोड़ा जाएगा। इसके अलावा जो लोग भय के कारण अपने प्रतिष्ठान या घरों पर ताले लगाए हैं वे भी निडर होकर अपने काम शुरू करें। पुलिस द्वारा किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।









