
छतरपुर। शहर के वार्ड नंबर 38 की दुर्गा कॉलोनी के रहवासियों का आरोप है कि उन्हें नगर पालिका से मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। पूर्व में कई बार शिकायत की गई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वार्डवासियों ने एक बार फिर नगर पालिका में आवेदन देकर समस्या हल कराने की मांग की है।दुर्गा कॉलोनी निवासी मालती कुशवाहा ने बताया कि लगभग एक दशक से वार्ड में सड़क बनवाने की मांग नगर पालिका से की जा रही है लेकिन आज तक इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि वार्ड की सड़क पर लाल मिट्टी डली है जो बारिश के कारण कीचड़ में तब्दील हो जाती है और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। पूर्व में कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका से सड़क बनवाने की मांग की गई लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी है। इसी तरह कॉलोनी के रहने वाले चंद्रभान ने बताया कि पूरे वार्ड में नल से जल सप्लाई करने के लिए पाइप लाइन बिछाई गई थी लेकिन वर्तमान में आधे वार्ड में पानी पहुंच रहा है जबकि आधे वार्ड के लोग पानी के लिए परेशान हैं। वार्डवासियों ने आवेदन देकर समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की गई है। ज्ञापन देने पहुंचे वार्डवासियों ने बताया कि वे नगर पालिका अध्यक्ष से मिलना चाहते थे लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी है।









