
एक आरोपी पर पहले से दर्ज है हत्या के प्रयास का मामला
छतरपुर। नौगांव पुलिस ने बीते रोज थाना क्षेत्र में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की है। बताया गया है कि पकड़े गए गांजा तस्करों में से एक के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला पहले से पंजीबद्ध है।नौगांव थाना प्रभाराी सतीश सिंह ने बताया कि नगर के गर्रोली रोड पर गांजा तस्करों के होने की सूचना मिली थी, जो कि बाइक से गांजा लेकर जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और घेराबंदी कर पकड़ लिया। युवकों के पास 3 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसे जब्त किया गया और तस्करों से उनके नाम पूछे गए। तस्करों ने अपने नाम विपिन सेन निवासी तिंदनी तिगैला नौगांव और शिवम राय बजरंग कॉलोनी नौगांव बताए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए तस्कर शिवम राय के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला पहले से दर्ज है। प्रकरण का एक और आरोपी है, जिसका नाम राकेश राजपूत निवासी सिल्वर सिटी कॉलोनी नौगांव है, उसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक सतीश सिंह थाना प्रभारी नौगांव, उनि नेहा सिंह गुर्जर, मनीष त्रिपाठी, रामराज सिंह, राजकुमार, आरक्षक जितेन्द्र अहिरवार, वीरेन्द्र बघेल, भूपेंद्र सिंह यादव, गजेन्द्र, राजकुमार, सौरभ तिवारी, नीलेशकांत, अरविंद राय की सराहनीय भूमिका रही।








