
छतरपुर। जिले के लवकुशनगर विकासखंड में 87 नवनियुक्त प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षक ऐसे हैं, जिन्हे माह अप्रैल से माह अक्तूबर 2023 तक सात माह के वेतन का अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि उक्त 87 नवनियुक्त शिक्षक सात माह का वेतन नहीं मिलने से काफी परेशान हैं। उक्त शिक्षकों द्वारा संकुल से लेकर विकास खंड शिक्षा अधिकारी तक से वेतन की मांग कई बार की गई है लेकिन अभी तक मानदेय प्राप्त न होने से उक्त शिक्षकों ने संघ से हस्तक्षेप करने की मांग की।उक्त नवनियुक्त शिक्षकों को पिछले सात माह का वेतन दिलाने के लिए बीते रोज संघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कोषालय अधिकारी वी के श्रीवास्तव से मुलाकात कर शीघ्र मानदेय भुगतान कराने में आ रहीं समस्याओं के निराकरण की मांग की। जिस पर जिला कोषालय अधिकारी द्वारा शीघ्र ही प्रक्रिया पूर्ण कर उक्त नवनियुक्त 87 शिक्षकों को सात माह का वेतन जुलाई माह में भुगतान कराने की बात कही है। प्रतिनिधि मंडल में जिला अध्यक्ष अनुपम त्रिपाठी, जिला संयोजक जगदीश सोनी, जिला सचिव अनिल शुक्ला व जिला कोषाध्यक्ष राकेश द्विवेदी शामिल रहे।







